25 अक्टूबर, 2026, नई दिल्ली
भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (भाकृअनुप) के अंतर्गत राष्ट्रीय कृषि शिक्षा प्रत्यायन बोर्ड (एनएईएबी) ने आज राष्ट्रीय कृषि विज्ञान परिसर (एनएएससी), नई दिल्ली में हाइब्रिड मोड में समीक्षा एवं सुधार बैठक आयोजित की। बैठक की अध्यक्षता डॉ. एम.एल. जाट, सचिव, डेयर एवं महानिदेशक, भाकृअनुप, ने की।
बैठक में देशभर के कृषि विश्वविद्यालयों और कृषि संकायों की प्रत्यायन सहकर्मी समीक्षा रिपोर्टों की समीक्षा की गई। इसमें उच्च शिक्षा की गुणवत्ता को मजबूत करने के लिए कृषि संस्थानों द्वारा की गई प्रगति का आकलन किया गया तथा मौजूदा प्रत्यायन प्रक्रिया और इसमें आगे सुधार की आवश्यकता पर विचार-विमर्श किया गया।
डॉ. एम.एल. जाट ने कृषि प्रत्यायन प्रणाली में सुधार करने तथा भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप कार्यबल तैयार करने के लिए कृषि शिक्षा पारिस्थितिकी तंत्र को नए सिरे से परिकल्पित करने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने उभरती चुनौतियों और अवसरों का सामना करने के लिए विद्यार्थियों को प्रासंगिक कौशल एवं दक्षताओं से सुसज्जित करने हेतु पाठ्यक्रमों को आधुनिक बनाने के महत्व पर बल दिया। उन्होंने कृषि शिक्षा में शैक्षणिक उत्कृष्टता, संस्थागत जवाबदेही और गुणवत्ता में निरंतर सुधार सुनिश्चित करने के लिए प्रत्यायन को एक प्रमुख साधन भी बताया।

डॉ. यशपाल सिंह मलिक, उप महानिदेशक (कृषि शिक्षा), ने भाकृअनुप की प्रत्यायन प्रणाली में किए जा रहे विभिन्न सुधारों पर प्रकाश डाला। इनका उद्देश्य प्रक्रिया को अधिक उपयोगकर्ता-अनुकूल बनाना और कारोबार करने में सुगमता को बढ़ावा देना है। उन्होंने गुणवत्ता में निरंतर सुधार पर ध्यान केन्द्रित रखने के साथ-साथ प्रत्यायन ढांचे में उभरते और अत्याधुनिक क्षेत्रों को शामिल करने पर जोर दिया। उन्होंने प्रत्यायन प्रक्रिया को सुगम बनाने, संस्थागत तैयारियों को मजबूत करने और पात्र संस्थानों को समय पर अपने आवेदन प्रस्तुत करने के लिए प्रोत्साहित करने में एनएईएबी की भूमिका को भी रेखांकित किया।
विचार-विमर्श के दौरान कृषि शिक्षा की गुणवत्ता, प्रासंगिकता और प्रभावशीलता बढ़ाने के लिए संस्थागत बुनियादी ढांचे को मजबूत करने, संकाय विकास, पाठ्यक्रमों के आधुनिकीकरण, अनुसंधान-शिक्षण-विस्तार के बीच संबंधों, विद्यार्थियों के अधिगम परिणामों तथा उद्योग एवं शिक्षा जगत के बीच सहयोग के महत्व पर भी प्रकाश डाला गया।
डॉ. अजीत सिंह यादव, सहायक महानिदेशक (शिक्षा गुणवत्ता आश्वासन एवं सुधार), कृषि शिक्षा प्रभाग, ने प्रत्यायन सचिवालय द्वारा संचालित गतिविधियों की जानकारी प्रस्तुत की।
बैठक का समापन अध्यक्ष के प्रति धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। इस अवसर पर भाकृअनुप-एनएईएबी ने देशभर में कृषि उच्च शिक्षा के प्रत्यायन ढांचे को मजबूत करने तथा गुणवत्ता, प्रासंगिकता और उत्कृष्टता को बढ़ावा देने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।








फेसबुक पर लाइक करें
यूट्यूब पर सदस्यता लें
X पर फॉलो करना X
इंस्टाग्राम पर लाइक करें