भाकृअनुप–विवेकानन्द पर्वतीय कृषि अनुसंधान संस्थान, अल्मोड़ा, में साइबर जागरूकता दिवस का आयोजन

भाकृअनुप–विवेकानन्द पर्वतीय कृषि अनुसंधान संस्थान, अल्मोड़ा, में साइबर जागरूकता दिवस का आयोजन

4 नवंबर, 2026, अल्मोड़ा

भारत सरकार के गृह मंत्रालय द्वारा साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूकता के प्रसार हेतु की गई पहल के अंतर्गत भाकृअनुप–विवेकानन्द पर्वतीय कृषि अनुसंधान संस्थान (वीपीकेएएस), अल्मोड़ा, में आज डॉ. निर्मल कुमार हेडाऊ, कार्यकारी निदेशक, वीपीकोएएस, के मार्गदर्शन में साइबर जागरूकता दिवस मनाया गया। इस अवसर पर साइबर सुरक्षा एवं साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूकता बढ़ाने हेतु साइबर सेल, अल्मोड़ा के सहयोग से एक ऑनलाइन व्याख्यान का आयोजन किया गया।

   

कार्यक्रम में साइबर सेल, अल्मोड़ा की ओर से श्री सौरभ ग्वासाकोटी जी ने व्याख्यान दिया। उन्होंने वर्तमान समय में बढ़ते साइबर अपराधों, ऑनलाइन धोखाधड़ी एवं डिजिटल सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियाँ साझा कीं। उन्होंने बताया कि सतर्कता एवं सावधानी बरतकर साइबर अपराधों से किस प्रकार बचा जा सकता है।

साथ ही, फर्जी लिंक एवं वेबसाइट की पहचान तथा उनकी प्रामाणिकता की जाँच के लिए वायरसटोटल टूल के उपयोग के बारे में भी जानकारी दी। साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने हेतु उन्होंने साइबर दोस्त यूट्यूब चैनल तथा अल्मोड़ा पुलिस के आधिकारिक फेसबुक एवं इंस्टाग्राम पेजों के माध्यम से उपयोगी जानकारी प्राप्त करने का सुझाव भी दिया।

   

व्याख्यान के दौरान सोशल मीडिया के सुरक्षित एवं प्रभावी उपयोग, डिजिटल अरेस्ट जैसी साइबर धोखाधड़ी, शिकायत निवारण तंत्र तथा वित्तीय धोखाधड़ी की स्थिति में ग्रीवेंस रिड्रेसल मैकेनिज्म  एवं मनी रिस्टोरेशन मैकेनिज्म  के संबंध में जागरूक किया गया। उन्हें वित्तीय धोखाधड़ी की स्थिति में तत्काल बैंक खाते को फ्रीज कराने, धनराशि की वापसी सुनिश्चित करने तथा आवश्यक साक्ष्यों को सुरक्षित रखने के महत्व की जानकारी दी गई।

साथ ही, सभी प्रतिभागियों को अवगत कराया गया कि साइबर धोखाधड़ी का शिकार होने पर बिना विलंब किए राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएँ अथवा साइबर वित्तीय धोखाधड़ी हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके और धनराशि की रिकवरी की संभावना बढ़ाई जा सके।

   

व्याख्यान के अंत में साइबर सेल द्वारा संस्थान के कर्मचारियों की साइबर सुरक्षा से संबंधित जिज्ञासाओं एवं शंकाओं का समाधान किया गया तथा उन्हें आवश्यक जानकारी एवं मार्गदर्शन प्रदान किया गया।

इस ऑनलाइन व्याख्यान में संस्थान के 46 से अधिक अधिकारी एवं कर्मचारी जुड़े तथा साइबर सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियाँ प्राप्त कीं।

कार्यक्रम का समन्वयन डॉ. कुशाग्रा जोशी, नोडल अधिकारी (साइबर सुरक्षा) एवं श्री देवेन्द्र सिंह कार्की द्वारा किया गया।

(स्रोतः भाकृअनुप–विवेकानन्द पर्वतीय कृषि अनुसंधान संस्थान, अल्मोड़ा)

×