19 अक्तूबर, 2026, हैदराबाद
भाकृअनुप-भारतीय श्री अन्न अनुसंधान संस्थान, हैदराबाद में 14 सितंबर – 13 अक्तूबर, 2026 के दौरान आयोजित हिंदी चेतना मास समारोह के अंतर्गत हिंदी में विविध प्रतियोगिताओं व हिंदी कार्यशाला का आयोजन किया गया तथा हिंदी में हस्ताक्षर अभियान भी चलाया गया।

आज समापन समारोह के दौरान डॉ. तारा सत्यवती, निदेशक, भाकृअनुप-भारतीय श्री अन्न अनुसंधान संस्थान, ने अपने संबोधन में कहा कि हिंदी चेतना मास से तात्पर्य यह नहीं कि केवल उक्त मास के दौरान हमें हिंदी में कार्य करना है, बल्कि हमें दैनंदिन कार्यों में हिंदी के प्रयोग को उत्तरोत्तर बढ़ावा प्रदान करना है। राजभाषा कार्यान्वयन को ऊंचाइयों तक केवल अभ्यास ही पहुंचा सकता है, अतः हमें झिझक को दूर रखते हुए निरंतर हिंदी में कार्य करना होगा।
श्री शेख रुकमान, वित्त एवं लेखा अधिकारी ने समारोह में उपस्थित पदाधिकारियों का स्वागत किया तथा श्रीमती डी रेवती, मुख्य तकनीकी अधिकारी ने संस्थान में 2025-2026 के दौरान संपन्न राजभाषा कार्यान्वयन संबंधी गतिविधियों पर प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। डॉ. महेश कुमार, सहायक मुख्य तकनीकी अधिकारी (राजभाषा) ने हिंदी चेतना मास के दौरान आयोजित विविध कार्यक्रमों पर प्रतिवेदन प्रस्तुत किया तथा कार्यक्रम को सफल बनाने हेतु सभी सहभागियों, निर्णायकों के प्रति आभार व्यक्त किया।

डॉ. (श्रीमती) सी तारा सत्यवती ने संस्थान में राजाभाषा कार्यान्वयन को प्रोत्साहन प्रदान करने हेतु श्रीमती एम सुस्मिता, सहायक, श्री शेख रुकमान, वित्त एवं लेखा अधिकारी तथा श्री मोहम्मद शादाब, सहायक को वार्षिक नकद पुरस्कार एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान कीं। उन्होंने प्रतियोगिताओं के अन्य विजेताओं एवं सहभागियों को नकद पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र तथा निर्णायकों को स्मृति चिह्न प्रदान किए।
डॉ. महेश कुमार के द्वारा धन्यवाद ज्ञापन पश्चात राष्ट्रगान के गायन के साथ समारोह सम्पन्न हुआ।
(स्रोतः भाकृअनुप-भारतीय श्री अन्न अनुसंधान संस्थान, हैदराबाद)








Like on Facebook
Subscribe on Youtube
Follow on X X
Like on instagram