24 सितंबर,. 2026, अल्मोड़ा
भाकृअनुप–विवेकानन्द पर्वतीय कृषि अनुसंधान संस्थान (वीपीकेएएस), अल्मोड़ा द्वारा डॉ. लक्ष्मी कान्त, निदेशक, वीपीकेएएस, के मार्गदर्शन में “श्री अन्न फसलों की उन्नत उत्पादन तकनीकी” पर तीन दिवसीय (22 से 24 सितम्बर) तकनीकी प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन संस्थान के प्रयोगात्मक प्रक्षेत्र, हवालबाग में किया गया।

यह प्रशिक्षण कार्यक्रम, उप कृषि निदेशक, सम्भल (उत्तर प्रदेश) द्वारा राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा एवं पोषण मिशन-न्यूट्रीसीरियल घटक योजनान्तर्गत जनपद सम्भल के किसानों के लिये प्रायोजित किया गया। इसका उद्देश्य कृषकों को श्री अन्न पोषक अनाजों से सम्बंधित विभिन्न आयामों जैसे-उन्नत उत्पादन तकनीकी, पोषण सुरक्षा में महत्व, मूल्यवर्धित उत्पाद एवं कटाई उपरांत प्रबंधन आदि के संबंध में वैज्ञानिक एवं व्यावहारिक जानकारी प्रदान करना था।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को संस्थान द्वारा विकसित श्री अन्न की नवीनतम तकनीकों जैसे-उच्च उपजशील प्रजातियों, उन्नत सस्य विधियाँ, मूल्यवर्धन तथा कटाई उपरांत प्रसंस्करण के बारें में व्याख्यानों एवं भ्रमणों के माध्यम से विस्तृत जानकारी दी गई। प्रशिक्षण के दौरान “श्री अन्न अनाजों की मूल्य श्रृंखला - खेत से बाजार तक” विषय पर किसानों को उत्पादन के साथ-साथ, बाजार से जुड़ाव एवं बेहतर मूल्य प्राप्त करने के संबंध में भी जानकारी प्रदान की गई।

प्रशिक्षण के अंतिम सत्र में प्रतिभागी-वैज्ञानिक संवाद आयोजित किया गया, जिसमें किसान प्रतिभागियों ने अपनी कृषि संबंधी समस्याओं, अनुभवों एवं जिज्ञासाओं को वैज्ञानिकों के साथ साझा किया। कार्यक्रम के समापन अवसर पर प्रतिभागी किसानों को प्रमाण-पत्र एवं रबी फसलों के उन्नत बीजों के साथ ही परंपरागत पोषक अनाज फसलों के मूल्यवर्धित उत्पादों का वितरण किया गया।
कुल 32 प्रतिभागियों ने कार्यक्रम में सहभागिता की, जिसमें 30 किसान एवं 02 विभागीय कर्मचारी शामिल थे।
(स्रोतः भाकृअनुप-विवेकानन्द पर्वतीय कृषि अनुसंधान संस्थान, अल्मोड़ा)








Like on Facebook
Subscribe on Youtube
Follow on X X
Like on instagram