30 सितम्बर, 2022, हैदराबाद
भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (भाकृअनुप)–राष्ट्रीय कृषि अनुसंधान अकादमी (नार्म), हैदराबाद द्वारा पिछले वर्ष की तरह इस वर्ष भी हिन्दी दिवस काफी हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस उपलक्ष्य में 14 से 30 सितम्बर, 2022 तक हिन्दी पखवाड़ा का आयोजन किया गया।
हिन्दी दिवस का शुभारंभ राजभाषा विभाग, गृह मंत्रालय, द्वारा 14 एवं 15 सितम्बर, 2022 को गृह मंत्री, भारत सरकार, श्री अमित शाह की अध्यक्षता में सूरत, गुजरात में किया गया। इस आयोजन में अकादमी की संयुक्त निदेशक (राजभाषा), डॉ. जे. रेणुका की सहभागिता रही।


यह हिन्दी दिवस तथा द्वितीय अखिल भारतीय राजभाषा सम्मेलन के अन्तर्गत 17 सितम्बर 2022 से विभिन्न तिथियों में अकादमी के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए हिंदी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इस तरह क्रमिक रूप में, 17 सितम्बर को हिंदी कविता पाठ, 19 सितम्बर को आलेखन एवं टिप्पणी, 20 सितम्बर को केवल एक मिनट की प्रतियोगिता, 21 सितम्बर को हिन्दी में समाचार वाचन, 22 सितम्बर को वाद-विवाद प्रतियोगिता, 23 सितम्बर को राजभाषा कार्यान्वयन के प्रति योगदान दे चुके उत्तम अनुभाग प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। 24 सितम्बर को राजभाषा प्रोन्नति की ओर विषय पर हिन्दी कार्यशाला का आयोजन जबकि 26 सितम्बर को मुख्य रुप से वैज्ञानिकों के लिए मूल वैज्ञानिक लेखन (हिन्दी में) एवं 27 सितम्बर, 2022 को अपना शोध कार्य तथा वैज्ञानिक उपलब्धि के संक्षिप्त प्रस्तुति (हर प्रतिभागी के लिए, 5 मिनट) के आधार पर प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
साथ ही पीजीडीएमए विद्यार्थियों के लिए 26 सितम्बर को सायं काल में गायन तथा वाद-विवाद, 27 सितम्बर को नुक्कड़ नाटक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इसके अतिरिक्त एसएसजी कर्मचारियों के लिए हस्ताक्षर प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया।
30 सितम्बर, 2022 को दोपहर में समापन समारोह का आयोजन किया गया जिसमें, डॉ. जे. रेणुका संयुक्त निदेशक, राजभाषा ने सभा का स्वागत संबोधन किया और कार्यक्रम का विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत किया।
सभी प्रतियोगिताओं में प्रथम तीन विजेताओं को क्रमशः 2000/-, 1500/- और 1000/- रुपए नकद पुरस्कार के रूप में दिये गये। जबकि एसएसजी कर्मचारियों के लिए प्रति 200/- रुपए प्रोत्साहन पुरस्कार के रूप में दिये गए।
इस अवसर पर, श्री विवेक पुरवार, प्रशासनिक प्रमुख एवं मुख्य प्रशासनिक अधिकारी (वरिष्ठ ग्रेड) ने संबोधित करते हुए सभी को हिन्दी में कार्य करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि आज के वैज्ञानिक युग में कई डिजिटल सुविधाएँ उपलब्ध हैं, जिनका प्रयोग कर सभी कर्मचारी अपना कार्य ई-ऑफिस के माध्यम से हिन्दी में भी कर सकते हैं।
डॉ. सी.एच. श्रीनिवास राव, निदेशक नार्म ने अपने अध्यक्षीय संबोधन में कहा कि हिन्दी में कार्य करना हम सबका दायित्व है। उन्होंने अकादमी में भाषा अध्ययन प्रयोगशाला के माध्यम से 4 द्रविड़ भाषाओं को फोकस करके, वैज्ञानिक प्रशिक्षणार्थियों को प्रशिक्षण देने की आवश्यकता को रेखांकित किया। निदेशक ने सभी को बधाई देते हुए कहा कि राजभाषा के बंधन में सभी सदस्य, मुख्य रुप से वैज्ञानिक संकाय, जुड़े रहे जो काफी सराहनीय है। साथ ही एसएसजी कर्मचारियों के लिए सम्पन्न हिन्दी हस्ताक्षर अभियान पर संतोष व्यक्त किया। डॉ. राव ने वैज्ञानिक समुदाय एवं तकनीकी अधिकारियों से हिन्दी में पुस्तकें लिखने का आग्रह किया। इस तरह अत्यंत खुशी के वातावरण में राजभाषा पखवाड़ा उत्सव सम्पन्न हुआ।
(स्रोतः भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद–राष्ट्रीय कृषि अनुसंधान अकादमी, हैदराबाद)








Like on Facebook
Subscribe on Youtube
Follow on X X
Like on instagram