9 मार्च, 2026, नई दिल्ली
भाकृअनुप–भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान (आईएआरआई), पूसा, नई दिल्ली, में आज “वार्षिक हिंदी पुरस्कार वितरण समारोह एवं हास्य कवि सम्मेलन” का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का आयोजन राजभाषा हिंदी के प्रचार-प्रसार तथा संस्थान में हिंदी के प्रभावी उपयोग को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से हिंदी अनुभाग, आईएआरआई द्वारा किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि, डॉ. गंगा सहाय मीणा थे तथा कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्थान के डॉ. सी.एच. श्रीनिवास राव द्वारा की गई।
मुख्य अतिथि डॉ. गंगा सहाय मीणा ने अपने संबोधन में राजभाषा हिंदी के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि हिंदी न केवल राजकीय कार्यों के संचालन की सशक्त भाषा है, बल्कि यह देश की सांस्कृतिक एकता एवं अभिव्यक्ति का भी प्रभावी माध्यम है। उन्होंने संस्थान में हिंदी के बढ़ते उपयोग की सराहना करते हुए अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपने दैनिक कार्यों में हिंदी का अधिकाधिक प्रयोग करने के लिए प्रोत्साहित किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए डॉ. राव ने हिंदी के प्रचार-प्रसार में ऐसे आयोजनों की महत्ता पर बल दिया और कहा कि राजभाषा के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना चाहिए। उन्होंने हिंदी चेतना मास के अंतर्गत आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों की सक्रिय भागीदारी की सराहना की साथ ही भविष्य में हिंदी को बढ़ावा देने के लिए इस प्रकार के कार्यक्रम के आयोजन हेतु सभी को प्रेरित किया।

इस अवसर पर हिंदी चेतना मास-2025 के दौरान आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को प्रशस्ति-पत्र, स्मृति-चिह्न एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। इन प्रतियोगिताओं में चित्र आधारित कहानी/काव्य लेखन प्रतियोगिता (5 पुरस्कार), टिप्पणी एवं मसौदा लेखन प्रतियोगिता (7 पुरस्कार), श्रुतलेख प्रतियोगिता (5 पुरस्कार), अनुवाद प्रतियोगिता (5 पुरस्कार), हिंदी भाषा ज्ञान प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता (6 पुरस्कार), सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता (5 पुरस्कार), हिंदी टंकण प्रतियोगिता (5 पुरस्कार), काव्य पाठ प्रतियोगिता (5 पुरस्कार), आशुभाषण प्रतियोगिता (5 पुरस्कार) तथा प्रश्न मंच प्रतियोगिता (9 पुरस्कार) के विजेताओं को सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त हिंदी में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया।

पुरस्कार वितरण के उपरांत आयोजित हास्य कवि सम्मेलन कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहा। इस अवसर पर आमंत्रित कवियों में श्री शील भट्टावरी, श्री मनोज मिश्रा ‘कप्तान’ तथा श्री कुलदीप ब्रजवासी ने अपनी हास्य-व्यंग्य रचनाओं के माध्यम से श्रोताओं का भरपूर मनोरंजन किया। उनकी कविताओं ने पूरे सभागार को हास्य और आनंद के वातावरण से सराबोर कर दिया। हास्य कवि सम्मेलन का आयोजन का, सभी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं श्रोताओं ने मुक्तकंठ से सराहना की।
कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ किया गया।
(स्रोतः भाकृअनुप-भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान, पूसा, नई दिल्ली)








Like on Facebook
Subscribe on Youtube
Follow on X X
Like on instagram