20 जनवरी, 2017, कोयंबटूर
श्री सुदर्शन भगत, केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री द्वारा भाकृअनुप- गन्ना प्रजनन संस्थान, कोयंबटूर का आज दौरा किया गया।


कोयंबटूर स्थित भाकृअनुप संस्थानों: भाकृअनुप- गन्ना प्रजनन संस्थान तथा भाकृअनुप – केन्द्रीय कपास अनुसंधान संस्थान के क्षेत्रीय केन्द्र और भाकृअनुप- केन्द्रीय कृषि अभियांत्रिकी संस्थान के वैज्ञानिकों तथा स्टॉफ को संबोधित करते हुए उन्होंने उन प्रौद्योगिकियों पर केन्द्रित करने के लिए आग्रह किया जिनसे कम लागत में उत्पादकता में बढ़ोतरी हो सके। मंत्री महोदय ने कहा कि किसानों की आय दोगुना करने में माननीय प्रधान मंत्री के विजन को पूरा करने में गन्ना महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। गन्ने की नई किस्मों की उपलब्धता नई चुनौतियों जैसे जलवायु परिवर्तन तथा अल्प जल उपलब्धता की चुनौतियों से निपटने में उपयोगी है।
मंत्री महोदय द्वारा संस्थान के राष्ट्रीय संकरीकरण बाग (एनएचजी) में ‘पराग संग्रहण चैम्बर’ सुविधा तथा गन्ना रोपण संचालन सुविधा का उद्घाटन किया गया। संस्थान द्वारा इन दो सुविधाओं के प्रसार के माध्यम से पूरे देश में 22 राज्यों के गन्ना अनुसंधान केन्द्रों पर प्रजनन कार्यक्रमों को सहयोग प्रदान किया जाता है।
श्री भगत ने प्रायोगिक खेत का दौरा तथा ‘गन्ना उपचार यंत्र’ और ‘यंत्रीकृत गन्ना प्रत्यारोपण’ संचालन का अवलोकन किया।
डॉ. बक्शी राम, निदेशक, भाकृअनुप- गन्ना प्रजनन संस्थान द्वारा संस्थान की प्रमुख गतिविधियों के बारे में संक्षिप्त जानकारी प्रदान की गई।
(स्रोतः भाकृअनुप- गन्ना प्रजनन संस्थान, कोयंबटूर)








Like on Facebook
Subscribe on Youtube
Follow on X X
Like on instagram