भाकृअनुप–डीडब्ल्यूआर, जबलपुर में टीएसपी के अंतर्गत किसान संगोष्ठी-सह-इनपुट वितरण कार्यक्रम का आयोजन

भाकृअनुप–डीडब्ल्यूआर, जबलपुर में टीएसपी के अंतर्गत किसान संगोष्ठी-सह-इनपुट वितरण कार्यक्रम का आयोजन

19 मार्च 2026, जबलपुर

भाकृअनुप–खरपतवार अनुसंधान निदेशालय द्वारा मंडला जिले में संचालित ट्राइबल सब प्लान (टीएसपी) कार्यक्रम के अंतर्गत आज भाकृअनुप–केन्द्रीय भैंस अनुसंधान संस्थान  के सहयोग से किसान संगोष्ठी-सह-इनपुट वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में आईसीएआर–डीडब्ल्यूआर के टीएसपी नोडल अधिकारी ने किसानों के साथ रबी फसलों के प्रदर्शन पर चर्चा की तथा आगामी ग्रीष्मकालीन मौसम के लिए रणनीतियों पर विचार-विमर्श किया। तकनीकी सत्रों के दौरान भैंस एवं पशुधन प्रबंधन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी गई, जिसमें टीकाकरण, कृमिनाशक (डीवॉर्मिंग), पशु आहार प्रबंधन, कृत्रिम गर्भाधान तथा अन्य वैज्ञानिक सुझाव शामिल थे।

Kisan Sangosthi-cum-Input Distribution Programme Organized under TSP at ICAR-DWR, Jabalpur

कार्यक्रम के दौरान 100 पंजीकृत जनजातीय किसानों को उनकी कृषि, पशुपालन एवं सहायक आजीविका गतिविधियों को सुदृढ़ करने हेतु आवश्यक कृषि एवं पशुधन इनपुट्स वितरित किए गए। इनमें उड़द (ब्लैक ग्राम) के बीज, कृषि रसायन, जैव उर्वरक, मिनरल मिश्रण, कृमिनाशक दवाएं और दूध के कनस्तर शामिल थे। इसके अतिरिक्त उपयोगी सामग्री जैसे टॉर्च, बहुउद्देशीय घमेलें, छाते और बैग भी वितरित किए गए।

इस कार्यक्रम में मुदाडी, डुंगरिया एवं खुखसर गांवों के किसानों ने सक्रिय भागीदारी की। कुल 175 किसान (104 पुरुष एवं 71 महिलाएं) इस कार्यक्रम में शामिल हुए, जो महिला किसानों की उत्साहजनक  भागीदारी को दर्शाता है।

(स्रोत: भाकृअनुप–खरपतवार अनुसंधान निदेशालय, जबलपुर)

×