19 जून, 2026, अल्मोड़ा
भाकृअनुप–विवेकानन्द पर्वतीय कृषि अनुसंधान संस्थान, अल्मोड़ा द्वारा संस्थान के निदेशक डॉ. लक्ष्मी कान्त के मार्गदर्शन में दिनांक 15 से 19 जून, 2026 तक 'फल एवं खाद्य प्रसंस्करण द्वारा मूल्य संवर्धन' विषय पर पांच दिवसीय व्यावहारिक प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। यह प्रशिक्षण अखिल भारतीय समन्वित अनुसंधान परियोजना – कटाई उपरान्त अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी के अंतर्गत अनुसूचित जाति उप-योजना के तहत आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का उद्घाटन डॉ. मनोज कुमार, प्रधान अन्वेषक, परियोजना, ने किया। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को संस्थान की शोध गतिविधियों एवं विकसित उन्नत कृषि यंत्रों से परिचित कराया गया।

तकनीकी सत्रों में फल प्रसंस्करण के अंतर्गत जूस, स्क्वैश, जैम, जेली एवं टमाटर सॉस निर्माण की सैद्धांतिक और व्यावहारिक जानकारी प्रदान की गई। इसके अतिरिक्त, अचार निर्माण, सोया दूध एवं टोफू बनाने की विधियों पर विशेष सत्र आयोजित किए गए, जिनका संचालन श्रीमती निधि सिंह, सहायक मुख्य तकनीकी अधिकारी द्वारा किया गया। उद्यान विभाग, अल्मोड़ा के श्री अविनाश ने प्रतिभागियों को जैम एवं जेली निर्माण की उन्नत तकनीकों से अवगत कराया।
प्रशिक्षण के अन्य पहलुओं में फल एवं सब्जियों के संरक्षण हेतु 'सुखाने की तकनीक', पैकेजिंग, लेबलिंग, गुणवत्ता नियंत्रण और विपणन की बारीकियों को कु. अर्शी, यंग प्रोफेशनल द्वारा समझाया गया। व्यावहारिक अनुभव हेतु प्रतिभागियों को उद्यान विभाग, अल्मोड़ा के 'किसान प्रसंस्करण केन्द्र' तथा हवालबाग स्थित 'एकीकृत आजीविका परियोजना' का भ्रमण कराया गया, जहाँ उन्हें विभिन्न प्रसंस्करण यंत्रों की जानकारी दी गयी।

इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में दाड़िमा (रामगढ़, नैनीताल) से 10 और उड्यारी (हवालबाग, अल्मोड़ा) से 1, कुल 11 अनुसूचित जाति के कृषकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का समन्वय डॉ. मनोज कुमार एवं डॉ. कुशाग्रा जोशी द्वारा किया गया।
समापन समारोह में प्रतिभागियों का प्रशिक्षण उपरांत मूल्यांकन किया गया और उन्हें प्रमाण पत्र भी प्रदान किया गया। साथ ही, प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों द्वारा तैयार किए गए उत्पादों को उन्हें भेंट स्वरूप सौंपा गया।
(स्रोतः भाकृअनुप–विवेकानन्द पर्वतीय कृषि अनुसंधान संस्थान, अल्मोड़ा)







फेसबुक पर लाइक करें
यूट्यूब पर सदस्यता लें
X पर फॉलो करना X
इंस्टाग्राम पर लाइक करें