रायसेन, मध्य प्रदेश में उन्नत कृषि महोत्सव 2026 का शुभारंभ

रायसेन, मध्य प्रदेश में उन्नत कृषि महोत्सव 2026 का शुभारंभ

11 अप्रैल 2026, भोपाल

तीन दिवसीय उन्नत कृषि महोत्सव 2026 का आज रायसेन में भव्य शुभारंभ हुआ। प्रदर्शनी-सह-प्रशिक्षण कार्यक्रम के रूप में आयोजित इस महोत्सव में कृषि क्षेत्र से जुड़े प्रमुख हितधारकों को एक मंच पर लाया गया।

उद्घाटन सत्र में केन्द्रीय रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह, केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान तथा मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की गरिमामयी उपस्थिति रही।

Unnat Krishi Mahotsav 2026 Inaugurated at Raisen, Madhya Pradesh

इस अवसर पर अन्य विशिष्ट अतिथियों में डॉ. एम.एल. जाट, सचिव, डीएआरई एवं महानिदेशक, भाकृअनुप, तथा श्री अतिश चंद्र, सचिव, कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय, भारत सरकार, सहित केन्द्र एवं राज्य सरकार के कई जनप्रतिनिधि एवं वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

महोत्सव में राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय संस्थानों तथा कंपनियों के लगभग 350 स्टॉल लगाए गए, जिनमें कृषि क्षेत्र की अत्याधुनिक तकनीकों, नवाचारों एवं उपलब्धियों का प्रदर्शन किया जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान 27 विषयगत पैनल चर्चाओं का आयोजन भी किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य आधुनिक कृषि पद्धतियों के माध्यम से किसानों की आय और आजीविका को सुदृढ़ करना है। इन चर्चाओं के प्रमुख विषयों में प्रिसिजन एग्रीकल्चर, फसल अवशेष प्रबंधन, कृषि यंत्रीकरण, एकीकृत कृषि प्रणाली तथा मृदा स्वास्थ्य प्रबंधन शामिल हैं।

Unnat Krishi Mahotsav 2026 Inaugurated at Raisen, Madhya Pradesh

किसानों और अन्य हितधारकों को व्यावहारिक अनुभव प्रदान करने के लिए एकीकृत कृषि मॉडल और मृदा परीक्षण सेवाओं के लाइव प्रदर्शन भी आयोजित किए जा रहे हैं।

इस अवसर पर भाकृअनुप-भारतीय मृदा विज्ञान संस्थान, भोपाल द्वारा विकसित ई-फार्म (e-FARM) मोबाइल एप्लीकेशन का भी शुभारंभ किया गया। यह एप किसानों को स्मार्ट एवं फसल-विशिष्ट उर्वरक सिफारिशें प्रदान करता है, जिससे उत्पादन बढ़ाने और मृदा स्वास्थ्य बनाए रखने में सहायता मिलेगी। वर्तमान में यह ऐप मध्य प्रदेश में खेत स्तर पर सोयाबीन, मक्का, धान, गेहूं और चना जैसी प्रमुख फसलों के लिए उपलब्ध है।

Unnat Krishi Mahotsav 2026 Inaugurated at Raisen, Madhya Pradesh

उन्नत कृषि महोत्सव 2026 ज्ञान विनिमय, क्षमता निर्माण तथा क्षेत्र में टिकाऊ एवं तकनीक-आधारित कृषि को बढ़ावा देने के लिए एक महत्वपूर्ण मंच साबित हो रहा है।

(स्रोत: भाकृअनुप-भारतीय मृदा विज्ञान संस्थान, भोपाल)

×