भाकृअनुप–एआईसीआरपी ऑन पीईएएसईएम की टीम ने ऑर्किड की खेती में इंजीनियरिंग संबंधी चुनौतियों के समाधान के लिए भाकृअनुप-एनआरसीओ, सिक्किम का किया दौराICAR–AICRP on PEASEM Team Visits ICAR-NRCO, Sikkim, to Address Engineering Challenges in Orchid Cultivation

भाकृअनुप–एआईसीआरपी ऑन पीईएएसईएम की टीम ने ऑर्किड की खेती में इंजीनियरिंग संबंधी चुनौतियों के समाधान के लिए भाकृअनुप-एनआरसीओ, सिक्किम का किया दौराICAR–AICRP on PEASEM Team Visits ICAR-NRCO, Sikkim, to Address Engineering Challenges in Orchid Cultivation

27 अक्टूबर, 2026, पाक्योंग, सिक्किम

फसलोत्तर इंजीनियरिंग एवं प्रौद्योगिकी पर अखिल भारतीय समन्वित अनुसंधान परियोजना (एआईसीआरपी–पीईएएसईएम) के वैज्ञानिकों की एक टीम ने आईसीएआर के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ आज ऑर्किड की खेती, फसलोत्तर प्रबंधन और मूल्य संवर्धन से जुड़ी प्रमुख चुनौतियों के इंजीनियरिंग आधारित समाधान तलाशने के लिए भाकृअनुप–राष्ट्रीय ऑर्किड अनुसंधान केन्द्र (एनआरसीओ), पाक्योंग, सिक्किम का दौरा किया।

इस टीम में डॉ. के. नरसैया, सहायक महानिदेशक (पीई), भाकृअनुप; डॉ. नचिकेत कोटवालीवाले, निदेशक, भाकृअनुप–केन्द्रीय फसलोत्तर इंजीनियरिंग एवं प्रौद्योगिकी संस्थान (सीआईपीएचईटी); तथा डॉ. पीतम चंद्र, निदेशक, भाकृअनुप–केन्द्रीय कृषि अभियांत्रिकी संस्थान (सीआईएई) सहित एआईसीआरपी–पीईएएसईएम के वैज्ञानिक शामिल थे। भाकृअनुप-एनआरसीओ के वैज्ञानिकों के साथ टीम ने केन्द्र की प्रयोगशाला और पॉलीहाउस सुविधाओं का दौरा किया। इसके बाद ऑर्किड उत्पादन, गुणवत्ता और फसलोत्तर प्रबंधन में सुधार के लिए तकनीकी उपायों पर विस्तृत चर्चा की गई।

ICAR–AICRP on PEASEM Team Visits ICAR-NRCO, Sikkim, to Address Engineering Challenges in Orchid Cultivation

विचार-विमर्श के दौरान सर्दियों में कम तापमान से होने वाली क्षति को कम करने के लिए फेलेनोप्सिस ऑर्किड हेतु पर्यावरण प्रबंधन प्रणालियों के विकास पर विशेष ध्यान दिया गया। इसके अलावा, ऑर्किड की खेती के लिए विशेष उपकरणों, कट-फ्लावर के रूप में सीधे सिम्बिडियम पुष्प-दंड तैयार करने हेतु स्पाइक स्ट्रेटनर तथा दूरबीननुमा ऑर्किड संग्रहण उपकरणों के विकास पर चर्चा हुई। अन्य प्रमुख विषयों में छोटे स्तर पर पॉटिंग मीडिया मिश्रण एवं भरने वाली इकाइयों, टिश्यू कल्चर से तैयार ऑर्किड पौधों के प्रारंभिक अनुकूलन (प्राइमरी हार्डनिंग) के लिए कम लागत वाले लघु माइक्रोक्लाइमेट नियंत्रित कक्ष तथा ऑर्किड के उगाने के माध्यम में बायोचार के उपयोग पर विचार-विमर्श किया गया।

चर्चा में फसलोत्तर प्रबंधन और मूल्य संवर्धन को भी प्रमुखता दी गई। इसमें जैव-अपघटनीय पैकेजिंग सामग्री, ऑर्किड के कट-फ्लावर के लिए पैकेजिंग बॉक्स एवं मशीनरी तथा ऑर्किड की खेती के लिए हल्के और आसानी से ले जाए जा सकने वाले सब्सट्रेट के विकास पर जोर दिया गया। अन्य प्रस्तावित अनुसंधान क्षेत्रों में ऑर्किड के फूलों का आकार और रंग बनाए रखते हुए सुखाने की तकनीकें, मूल्यवर्धित ऑर्किड उत्पादों का विकास, मशीन दृष्टि आधारित फूलों की ग्रेडिंग, भंडारण अवधि का पूर्वानुमान तथा पौधों के विभिन्न भागों से उच्च मूल्य वाले यौगिकों का निष्कर्षण शामिल रहे।

ICAR–AICRP on PEASEM Team Visits ICAR-NRCO, Sikkim, to Address Engineering Challenges in Orchid Cultivation

इस दौरे के अंत में ऑर्किड की खेती में इंजीनियरिंग एवं प्रौद्योगिकी संबंधी बाधाओं को दूर करने के लिए बहुविषयक और सहयोगात्मक दृष्टिकोण पर आधारित भविष्य की अनुसंधान कार्ययोजना पर विचार-विमर्श किया गया। प्रस्तावित तकनीकी उपायों से भविष्य के अनुसंधान को दिशा मिलने की उम्मीद है, जिससे खेती की पद्धतियों में सुधार, फूलों की गुणवत्ता में वृद्धि, फसलोत्तर प्रबंधन की दक्षता और ऑर्किड क्षेत्र में मूल्य संवर्धन को बढ़ावा मिलेगा।

(स्रोत: भाकृअनुप–राष्ट्रीय ऑर्किड अनुसंधान केन्द्र, सिक्किम)

×