भाकृअनुप-केन्द्रीय सिट्रस अनुसंधान संस्थान के सिटी हब एबीआई द्वारा फूडप्रेन्योरशिप पर इनक्यूबेशन प्रशिक्षण कार्यक्रम का किया आयोजन

भाकृअनुप-केन्द्रीय सिट्रस अनुसंधान संस्थान के सिटी हब एबीआई द्वारा फूडप्रेन्योरशिप पर इनक्यूबेशन प्रशिक्षण कार्यक्रम का किया आयोजन

16–18 मार्च, 2026, नागपुर

भाकृअनुप-केन्द्रीय सिट्रस अनुसंधान संस्थान (भाकृअनुप-सीसीआरआई), नागपुर के एग्रीबिजनेस इनक्यूबेशन सेंटर “CitriHub” ने 16 से 18 मार्च, 2026 के दौरान दो फूड प्रेन्योर के लिए तीन दिवसीय इनक्यूबेशन प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफलतापूर्वक आयोजन किया। यह प्रशिक्षण बिहार के श्री कृष्ण गोपाल सिंह तथा कर्नाटक के श्री शिवकुमार कीर्तिपति के लिए आयोजित किया गया, जिन्हें सिट्री हब में सिट्रस प्रसंस्करण, मूल्य संवर्धन एवं उत्पाद विकास हेतु इनक्यूबेशन समर्थन के लिए चयनित किया गया है।

कार्यक्रम के दौरान डॉ. दिलीप घोष, निदेशक, भाकृअनुप-सीसीआरआई, ने प्रशिक्षुओं से संवाद किया तथा उनके क्षेत्रों में सिट्रस आधारित उद्यमों को सुदृढ़ करने के अवसरों, चुनौतियों एवं रणनीतियों पर चर्चा की। उन्होंने सिट्रस मूल्य श्रृंखला को सशक्त बनाने और उद्यमियों की आय बढ़ाने के लिए वैज्ञानिक प्रसंस्करण, नवाचार एवं बाजार-उन्मुख उत्पाद विकास के महत्व पर जोर दिया।

CitriHub ABI of ICAR-CCRI, Nagpur Organizes Incubation Training Programme on Foodpreneurship

विशेषज्ञों ने प्रतिभागियों को विभिन्न सिट्रस आधारित मूल्य संवर्धित उत्पादों के निर्माण का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया, जिनमें नींबू से रेडी-टू-सर्व पेय, फिज़ी ड्रिंक, संतरा (मैंडरिन) जैम, जेली स्प्रेड, दालचीनी युक्त जेली स्प्रेड तथा मसालेदार जेली स्प्रेड शामिल हैं। इसके अतिरिक्त, प्रशिक्षण के दौरान शहद आधारित नींबू पेय एवं शहद आधारित संतरा जेली स्प्रेड जैसे नवाचारी उत्पाद भी विकसित किए गए।

प्रतिभागियों को संतरा फलों के वैज्ञानिक भंडारण एवं कटाई उपरांत प्रबंधन की तकनीकों का भी प्रशिक्षण दिया गया, जिससे गुणवत्ता बनाए रखने और फसलोपरांत हानि को कम करने में सहायता मिल सके। तकनीकी प्रशिक्षण के साथ-साथ कार्यक्रम में प्रोसेसिंग यूनिट की स्थापना, व्यवसाय योजना तैयार करना, बिजनेस मॉडल विकास, ब्रांड निर्माण तथा नियामक आवश्यकताओं पर मार्गदर्शन सत्र भी शामिल थे।

CitriHub ABI of ICAR-CCRI, Nagpur Organizes Incubation Training Programme on Foodpreneurship

दोनों प्रशिक्षुओं ने कार्यक्रम के प्रति संतोष व्यक्त किया और बताया कि सिट्रीहब द्वारा प्रदान किए गए प्रशिक्षण एवं विशेषज्ञ मार्गदर्शन से उन्हें अत्यधिक लाभ मिला है। उन्होंने इनक्यूबेशन अवधि के दौरान अपने सिट्रिक प्रेन्योर उद्यमों को और सशक्त बनाने में रुचि व्यक्त की।

सिट्री हब, सिट्रस क्षेत्र में इच्छुक उद्यमियों को तकनीक-आधारित इनक्यूबेशन सहायता, कौशल विकास और व्यावसायिक मार्गदर्शन प्रदान कर सिट्रिप्रेन्योरशिप को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

(स्रोत: भाकृअनुप-केन्द्रीय सिट्रस अनुसंधान संस्थान)

×