20 मार्च 2026, गोवा
लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासन अकादमी (एलबीएसएनएए), मसूरी के 2025 बैच के 11 भारतीय प्रशासनिक सेवा अधिकारी प्रशिक्षुओं के एक दल ने अपने शीतकालीन अध्ययन भ्रमण के अंतर्गत आज भाकृअनुप-केन्द्रीय तटीय कृषि अनुसंधान संस्थान (भाकृअनुप-सीसीएआरआई), गोवा, का दौरा किया।
डॉ. परवीन कुमार, निदेशक, भाकृअनुप-सीसीएआरआई, ने प्रशिक्षुओं का स्वागत किया और भारतीय कृषि की गौरवशाली यात्रा के बारे में जानकारी देते हुए भाकृअनुप प्रणाली तथा राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा में इसके योगदान पर प्रकाश डाला।

विशेषज्ञों ने संस्थान के कार्यक्षेत्र एवं अनुसंधान गतिविधियों पर विस्तृत प्रस्तुति दी, जिसमें विशेष रूप से सतत तटीय कृषि, जलवायु-सहिष्णु तकनीकों तथा प्राकृतिक संसाधन प्रबंधन पर ध्यान केन्द्रित किया गया। उन्होंने किसानों के लिए उपयोगी तकनीकों, एकीकृत कृषि प्रणाली तथा तटीय किसानों की आजीविका सुधारने हेतु भाकृअनुप-सीसेआरआई द्वारा किए जा रहे नवाचारों को भी रेखांकित किया।
भारतीय प्रशासनिक सेवा प्रशिक्षुओं ने संस्थान के वैज्ञानिकों के साथ संवाद किया, जिसमें फसलों के कीट-रोग, लवणीयता का बढ़ता प्रभाव, समुद्री शैवाल (Seaweed) के उपयोग तथा कृषि में युवाओं को बनाए रखने के लिए कृषि-ईको-टूरिज्म जैसे नवाचारी उपायों पर चर्चा की गई। इन समाधानों में वैज्ञानिक नवाचारों एवं नीतिगत हस्तक्षेपों की महत्वपूर्ण भूमिका को भी रेखांकित किया गया।
यह भ्रमण प्रतिभागियों के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध हुआ, जिससे उन्हें तटीय क्षेत्रों में अनुप्रयुक्त कृषि अनुसंधान एवं सतत विकास से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी एवं अनुभव प्राप्त हुआ।
(स्रोत: भाकृअनुप-केन्द्रीय तटीय कृषि अनुसंधान संस्थान)







फेसबुक पर लाइक करें
यूट्यूब पर सदस्यता लें
X पर फॉलो करना X
इंस्टाग्राम पर लाइक करें