भाकृअनुप-नीनफेट बेंगलुरु ने भाकृअनुप द्वारा प्रायोजित 21 दिवसीय विंटर स्कूल का किया उद्घाटन

भाकृअनुप-नीनफेट बेंगलुरु ने भाकृअनुप द्वारा प्रायोजित 21 दिवसीय विंटर स्कूल का किया उद्घाटन

7 जनवरी, 2026, बेंगलुरु

भाकृअनुप-राष्ट्रीय पशु पोषण एवं शरीर क्रिया विज्ञान संस्थान, बेंगलुरु, द्वारा आयोजित 'पशुधन में प्रजनन क्षमता एवं उत्पादकता बढ़ाने के लिए अगली पीढ़ी के पोषण और प्रजनन प्रौद्योगिकियों' पर भाकृअनुप  द्वारा प्रायोजित 21 दिवसीय विंटर स्कूल प्रशिक्षण (7 - 27 जनवरी, 2026) का आज उद्घाटन किया गया। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम मुख्य रूप से पोषण एवं प्रजनन क्षेत्रों के विशेष संदर्भ में पशुधन में प्रजनन क्षमता तथा उत्पादकता बढ़ाने के लिए बहु-विषयक दृष्टिकोणों पर केन्द्रित है।

मुख्य अतिथि, प्रो. (डॉ.) एम. ज्ञान प्रकाश, कुलपति, पीवीएनआरटीवीयू, हैदराबाद, ने सभा को संबोधित किया और मध्य-कैरियर शिक्षाविदों तथा शोधकर्ताओं को शिक्षित करने हेतु पाठ्यक्रमों की आवश्यकता पर भी जोर दिया।

विशिष्ट अतिथि, डॉ. प्रवीण मलिक, पशुपालन आयुक्त, भारत सरकार और सीईओ, एग्री इनोवेट, भाकृअनुप, नई दिल्ली, ने दूध उत्पादन में सुधार के लिए भारतीय मवेशियों की उत्पादकता बढ़ाने के लिए पोषण एवं प्रजनन विषय के महत्व पर जोर दिया।

डॉ. अर्तबंधु साहू, निदेशक, भाकृअनुप-नीनफेट, ने सभी गणमान्य व्यक्तियों का स्वागत किया साथ ही चल रही गतिविधियों और उनकी उपलब्धियों के बारे में संक्षिप्त जानकारी दी।

इस कार्यक्रम के दौरान दो भाकृअनुप-नीनफेट प्रौद्योगिकियों, हरित धारा का एम/एस दयाल वेट फूड्स प्राइवेट लिमिटेड, यूपी, के साथ और ट्रांस केयर-गोट का एम/एस हॉर्नेट बायोलॉजिकल्स प्राइवेट लिमिटेड, तमिलनाडु के साथ टीएलए का आदान-प्रदान हुआ। धन्यवाद ज्ञापन सह-पाठ्यक्रम निदेशक डॉ. डीटी पाल ने दिया।

ICAR-NIANP Bengaluru Inaugurates the ICAR Sponsored 21 Days Winter School

देश के दस राज्यों के राज्य कृषि विश्वविद्यालयों और भाकृअनुप संस्थानों के इक्कीस उम्मीदवार इस विंटर स्कूल कार्यक्रम में भाग लेंगे।

(स्रोत: भाकृअनुप-राष्ट्रीय पशु पोषण एवं शरीर क्रिया विज्ञान संस्थान, बेंगलुरु)

×