कृषि विज्ञान केन्द्र किसानों के विकास का सशक्त माध्यम हैं: श्री शिवराज सिंह चौहान
13 अप्रैल, 2026, रायसेन
रायसेन में आयोजित “उन्नत कृषि महोत्सव (प्रदर्शनी एवं प्रशिक्षण)” के अंतर्गत आज कृषि विज्ञान केन्द्र (केवीके) सम्मेलन का आयोजन किया गया, जिसमें किसानों, कृषि विज्ञान केन्द्रों के प्रतिनिधियों, वैज्ञानिकों एवं कृषि विशेषज्ञों ने सहभागिता की।

श्री शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि कृषि विज्ञान केन्द्र किसानों को खेती की नवीन तकनीकों एवं वैज्ञानिक पद्धतियों की जानकारी प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने बताया कि विदिशा जिले में नए कृषि विज्ञान केन्द्र की स्थापना की जा रही है तथा रायसेन, विदिशा, सीहोर एवं देवास जिलों में कृषि विकास को नई गति प्रदान करने हेतु रोडमैप तैयार किया जा रहा है।
श्री रामनाथ ठाकुर, कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री ने किसानों की आय वृद्धि, कृषि में तकनीकी उन्नयन तथा नवाचारों के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए।

श्री श्याम सिंह राणा, कृषि मंत्री, हरियाणा सरकार ने राज्यों के स्तर पर किसानों के कल्याण हेतु किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी।
डॉ. एम.एल. जाट, सचिव (डीएआरई) एवं महानिदेशक, आईसीएआर, ने अपने उद्बोधन में वैज्ञानिक अनुसंधान एवं नवाचारों को किसानों तक प्रभावी रूप से पहुँचाने की आवश्यकता पर बल दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. राजर्षि राय बर्मन, सहायक महानिदेशक (कृषि विस्तार), आईसीएआर, के स्वागत संबोधन से हुआ, जिसमें उन्होंने कृषि क्षेत्र में नवाचारों एवं विस्तार गतिविधियों की भूमिका पर प्रकाश डाला।

डॉ. एस.आर.के. सिंह, निदेशक, आईसीएआर-अटारी, जबलपुर ने मध्यप्रदेश के कृषि विकास में कृषि विज्ञान केन्द्रों की भूमिका एवं प्रमुख उपलब्धियों पर विस्तृत प्रस्तुति दी। उन्होंने किसानों की आय वृद्धि, नई तकनीकों के प्रसार तथा विभिन्न कृषि योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जानकारी प्रदान की।
कार्यक्रम के दौरान पद्मश्री सम्मानित किसानों एवं विभिन्न जनपदों से आए प्रगतिशील किसानों ने अपने अनुभव साझा किया।

इस आयोजन में विभिन्न राज्यों से आए किसान, वैज्ञानिक, कृषि विशेषज्ञ एवं अधिकारीगण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम ने कृषि क्षेत्र में नवीन तकनीकों के प्रसार एवं किसानों के सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान दिया।







फेसबुक पर लाइक करें
यूट्यूब पर सदस्यता लें
X पर फॉलो करना X
इंस्टाग्राम पर लाइक करें