भारत के केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री ने अफगानिस्तान के कृषि, सिंचाई एवं पशुधन मंत्री के साथ द्विपक्षीय बैठक की

भारत के केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री ने अफगानिस्तान के कृषि, सिंचाई एवं पशुधन मंत्री के साथ द्विपक्षीय बैठक की

8 जुलाई, 2026, नई दिल्ली

भारत के केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री ने अफगानिस्तान के कृषि, सिंचाई एवं पशुधन मंत्री महामहिम मौलवी अताउल्लाह ओमारी के साथ द्विपक्षीय बैठक की। इस बैठक का उद्देश्य कृषि अनुसंधान, शिक्षा, कृषि विस्तार तथा क्षमता निर्माण के क्षेत्रों में दोनों देशों के बीच सहयोग की समीक्षा करना और उसे और अधिक सुदृढ़ बनाना था।

अफगान प्रतिनिधिमंडल का स्वागत करते हुए केंद्रीय मंत्री ने भारत और अफगानिस्तान के बीच लोगों के आपसी घनिष्ठ संबंधों को रेखांकित किया तथा अफगानिस्तान में कृषि विकास और खाद्य सुरक्षा को समर्थन देने के प्रति भारत की प्रतिबद्धता को दोहराया।

दोनों मंत्रियों ने कृषि अनुसंधान, जलवायु-सहिष्णु कृषि, बागवानी, बीज प्रणाली, प्राकृतिक संसाधन प्रबंधन, डिजिटल कृषि तथा पशुधन विकास के क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के अवसरों पर चर्चा की। उन्होंने किसानों की आजीविका में सुधार तथा सतत कृषि विकास को बढ़ावा देने के लिए कृषि शिक्षा, मानव संसाधन विकास तथा कृषि विस्तार सेवाओं में सहयोग को और मजबूत करने के महत्व पर भी बल दिया।

Union Minister for Agriculture and Farmers' Welfare of India Holds Bilateral Meeting with Minister of Agriculture, Irrigation and Livestock of Afghanistan

केन्द्रीय मंत्री ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में भारत सरकार द्वारा कृषि विकास और किसान कल्याण को बढ़ावा देने के लिए की गई परिवर्तनकारी पहलों पर प्रकाश डाला। इनमें जलवायु-सहिष्णु कृषि और प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देना, डिजिटल कृषि का विस्तार, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के माध्यम से सिंचाई और जल उपयोग दक्षता को सुदृढ़ करना, पीएम-किसान के माध्यम से किसानों को सहायता प्रदान करना, मृदा स्वास्थ्य में सुधार तथा कृषि अनुसंधान एवं नवाचार को बढ़ावा देना शामिल है।

दोनों पक्षों ने वैज्ञानिक सहयोग और क्षमता निर्माण को आगे बढ़ाने में संस्थागत साझेदारियों की महत्वपूर्ण भूमिका को स्वीकार किया। इस संदर्भ में भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (भाकृअनुप), नई दिल्ली और अफगानिस्तान राष्ट्रीय कृषि विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (एएनएएसटीयू) के बीच होने वाला समझौता ज्ञापन (एमओयू) कृषि अनुसंधान, शिक्षा, प्रशिक्षण, वैज्ञानिकों और विद्यार्थियों के आदान-प्रदान तथा प्रौद्योगिकियों और सर्वोत्तम कार्यप्रणालियों के प्रसार में सहयोग को और अधिक सुदृढ़ करेगा।

Union Minister for Agriculture and Farmers' Welfare of India Holds Bilateral Meeting with Minister of Agriculture, Irrigation and Livestock of Afghanistan

मंत्रियों ने पशुधन क्षेत्र में भी सहयोग पर चर्चा की, जिसमें पशु स्वास्थ्य, डेयरी विकास, पशु चिकित्सा विज्ञान तथा चारा प्रबंधन शामिल हैं। दोनों पक्षों ने दोनों देशों के वैज्ञानिक संस्थानों और विशेषज्ञों के बीच और अधिक निकट सहयोग एवं संवाद को प्रोत्साहित करने पर सहमति व्यक्त की।

यह बैठक अत्यंत सौहार्दपूर्ण और मैत्रीपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुई तथा इसने सतत कृषि को बढ़ावा देने, खाद्य सुरक्षा को सुदृढ़ करने तथा दोनों देशों के किसान समुदायों की समृद्धि और कल्याण को बढ़ाने के प्रति भारत और अफगानिस्तान की साझा प्रतिबद्धता को प्रतिबिंबित किया।

(स्रोत: कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय, भारत सरकार)

×