16 जुलाई, 2026, कानपुर
भाकृअनुप–कृषि प्रौद्योगिकी अनुप्रयोग अनुसंधान संस्थान (अटारी), जोन-III, कानपुर ने भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर) का 98वां स्थापना दिवस उत्साह और गर्व के साथ मनाया। समारोह की शुरुआत भाकृअनुप-अटारी, कानपुर के वैज्ञानिकों एवं कर्मचारियों द्वारा भाकृअनुप मुख्यालय, नई दिल्ली में आयोजित स्थापना दिवस कार्यक्रम में वर्चुअल रूप से भागीदारी के साथ हुई।
कानपुर के आर्मी पब्लिक स्कूल की सेवानिवृत्त व्याख्याता एवं प्रख्यात कवयित्री श्रीमती बीना सिंह ने मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। कार्यक्रम में वैज्ञानिकों, अधिकारियों, कर्मचारियों तथा परियोजना कर्मियों ने भाग लिया।

मुख्य अतिथि एवं प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए डॉ. राघवेंद्र सिंह, निदेशक, भाकृअनुप-अटारी, कानपुर, ने अत्याधुनिक अनुसंधान, नवाचार तथा कृषि समुदाय तक प्रौद्योगिकियों के प्रभावी प्रसार के माध्यम से भारतीय कृषि को आगे बढ़ाने में भाकृअनुप के की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला।
अपने संबोधन में श्रीमती बीना सिंह ने अपने विचारोत्तेजक चिंतन से उपस्थित जनसमूह को प्रेरित किया तथा महिलाओं, किसानों, सैनिकों, शहीदों और राष्ट्र को समर्पित कविताओं का पाठ किया। उनकी प्रस्तुति को श्रोताओं ने व्यापक सराहना प्रदान की। समारोह में संस्थान के वैज्ञानिकों एवं कर्मचारियों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी गईं, जिन्होंने कार्यक्रम में उत्साह और रंगत का संचार किया।
(स्रोत: भाकृअनुप–कृषि प्रौद्योगिकी अनुप्रयोग अनुसंधान संस्थान, जोन-III, कानपुर)







फेसबुक पर लाइक करें
यूट्यूब पर सदस्यता लें
X पर फॉलो करना X
इंस्टाग्राम पर लाइक करें