भाकृअनुप-सीसीएआरआई, गोवा ने किचन गार्डन के माध्यम से घरेलू पोषण सुरक्षा को दिया बढ़ावा

भाकृअनुप-सीसीएआरआई, गोवा ने किचन गार्डन के माध्यम से घरेलू पोषण सुरक्षा को दिया बढ़ावा

3 जुलाई, 2026, गोवा

भाकृअनुप–कृषि विज्ञान केन्द्र (केवीके), उत्तरी गोवा, ने आज गोवा में ‘घरेलू पोषण सुरक्षा के लिए किचन गार्डन’ विषय पर एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य घरेलू किचन गार्डन को बढ़ावा देकर पोषण सुरक्षा में वृद्धि करना, ताजी सब्जियों के उत्पादन में आत्मनिर्भरता को प्रोत्साहित करना तथा परिवारों के आहार में विविधता बढ़ाना था।

विशेषज्ञों ने किचन गार्डन की योजना एवं स्थापना पर प्रशिक्षण प्रदान किया। प्रशिक्षण में विभिन्न मौसमों के लिए उपयुक्त सब्जी एवं फल फसलों का चयन, किचन गार्डन की रूपरेखा एवं डिजाइन, बीज एवं रोपण सामग्री का चयन, नर्सरी प्रबंधन, पोषक तत्व एवं जल प्रबंधन, जैविक उत्पादन पद्धतियां, एकीकृत कीट एवं रोग प्रबंधन, फसल चक्र तथा वर्षभर सब्जी उत्पादन जैसे विषयों को शामिल किया गया।

ICAR-CCARI, Goa Promotes Household Nutritional Security through Kitchen Gardens

प्रतिभागियों को ताजे फल एवं सब्जियों के नियमित सेवन से होने वाले पोषण संबंधी लाभों तथा किचन गार्डन की परिवार के स्वास्थ्य में सुधार, घरेलू व्यय में कमी तथा खाद्य एवं पोषण सुरक्षा सुनिश्चित करने में भूमिका के बारे में भी जागरूक किया गया।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में गोवा के विभिन्न क्षेत्रों से 25 किसानों, कृषक महिलाओं, ग्रामीण युवाओं एवं गृहिणियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने सतत घरेलू पोषण सुरक्षा एवं बेहतर आजीविका के लिए किचन गार्डन स्थापित करने और उसका रखरखाव करने की अपनी इच्छा व्यक्त की।

(स्रोत: भाकृअनुप–केन्द्रीय तटीय कृषि अनुसंधान संस्थान, गोवा)

×